
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन के निर्देशों के तहत गंजमुरादाबाद नगर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं, नगर पंचायत कर्मियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।तिरंगा यात्रा का शुभारंभ हरदोई-उन्नाव मार्ग स्थित काली भवानी मंदिर से हुआ। इसके बाद यात्रा मुख्य चौराहा, सदर बाजार और ब्लॉक रोड से होकर हितैषी स्मारक स्थल पहुंची, जहां इसका समापन एक सभा के साथ हुआ। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से माहौल राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा। यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। नगर पंचायत कार्यालय का पूरा स्टाफ भी इस राष्ट्रीय आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहा। बड़ी संख्या में नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, विधायक श्रीकांत कटियार, ब्लॉक प्रमुख संध्या पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विवेक पटेल, मंडल अध्यक्ष सोनू सिंह, महामंत्री नीरज तिवारी, बांगरमऊ मंडल अध्यक्ष गोविंद कुशवाहा, बांगरमऊ पालिका अध्यक्ष रामजी गुप्ता, नगर पंचायत गंजमुरादाबाद के अध्यक्ष प्रतिनिधि हाजी सलीम कुरैशी, अध्यक्ष प्रतिनिधि मोहम्मद कामिल कुरैशी, पूर्व अध्यक्ष राम नरेश कुशवाहा, शमसुद्दीन उर्फ गुड्डू पाठक, सीतेश सिंह, विमल शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने नागरिकों से राष्ट्रहित, सामाजिक एकता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करते हुए देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

