
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। राष्ट्रीय अंगदान दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल उमा शंकर दीक्षित चिकित्सालय में लाइफ सेवर्स उन्नाव एवं श्री सेवार्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘अंगदान जीवन संजीवनी अभियान’ के अंतर्गत अंगदान जागरूकता एवं अंगदाता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान अंगदान के लिए अपनी सहमति प्रदान करने वाले लोगों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अंगदान केवल एक निर्णय नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का सबसे बड़ा मानवीय कार्य है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अंगदान का संकल्प लेने और इस विषय में समाज को जागरूक करने का आह्वान किया। मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। यदि अधिक लोग इस अभियान से जुड़ें तो अनेक गंभीर मरीजों को नया जीवन मिल सकता है। उन्होंने कहा कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है और इस दिशा में कार्य कर रहे सभी सामाजिक संगठनों का प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने इस जनजागरण अभियान की प्रशंसा करते हुए आयोजकों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में श्री सेवार्थ फाउंडेशन के संस्थापक प्रथम श्रीवास्तव, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति अमित मिश्रा, लाइफ सेवर्स उन्नाव के संस्थापक एवं कार्यक्रम आयोजक अनुराग सिंह राठौर, रामप्रकाश चौरसिया, निर्भय निगम, प्रजेश चंद्र शुक्ला, वेद प्रकाश, मनीष सिंह सेंगर, नवीन सिन्हा, चेतन मिश्रा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने अंगदान के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

