
मुंबई। अपनी सफल वेब सीरीज़ ‘ब्राउन’ और ‘इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5’ को मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद अभिनेत्री करिश्मा कपूर अब बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने वाले शो ‘फेविक्रिएट आइडिया लैब्स सीज़न 3’ में जज के रूप में नजर आएंगी। शो का चार एपिसोड वाला ग्रैंड फिनाले इस सप्ताहांत से अगले दो वीकेंड तक निकेलोडियन और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में 5 से 8 वर्ष और 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग के देशभर के प्रतिभाशाली बच्चों ने भाग लिया है। 3 लाख से अधिक आवेदनों में से चुने गए 12 फाइनलिस्ट कला, विज्ञान और वेल-बीइंग से जुड़े अपने अभिनव विचार प्रस्तुत करेंगे। पूरे शो के दौरान करिश्मा कपूर बच्चों की रचनात्मकता, जिज्ञासा और मौलिक सोच को प्रोत्साहित करती नजर आएंगी। करिश्मा की इस नई भूमिका को उनके व्यक्तित्व के एक अलग आयाम के रूप में देखा जा रहा है। अब तक दर्शक उन्हें ग्लैमर, अभिनय और नृत्य से जोड़ते रहे हैं, लेकिन इस मंच पर वह बच्चों की कल्पनाशीलता और नवाचार को प्रोत्साहित करने वाली मेंटर की भूमिका निभाएंगी। उनकी मौजूदगी यह भी दर्शाती है कि वे युवा प्रतिभाओं के साथ सहानुभूति, प्रेरणा और सकारात्मक मार्गदर्शन के जरिए जुड़ने की क्षमता रखती हैं। ‘ब्राउन’ में अपने दमदार अभिनय और ‘इंडियाज़ बेस्ट डांसर सीज़न 5’ में सफल उपस्थिति के बाद यह शो करिश्मा कपूर की बहुमुखी प्रतिभा को और मजबूत करता है। एक अभिनेत्री, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता और मां होने के नाते वह जजिंग पैनल में एक विशेष दृष्टिकोण लेकर आएंगी, जहां केवल प्रतिभा का मूल्यांकन ही नहीं बल्कि बच्चों का उत्साहवर्धन और मार्गदर्शन भी प्रमुख रहेगा। इस अनुभव को साझा करते हुए करिश्मा कपूर ने कहा– फेविक्रिएट आइडिया लैब्स की सबसे खास बात यह है कि यह हर बच्चे के भीतर मौजूद जिज्ञासा और कल्पनाशक्ति का सम्मान करता है। यहां केवल प्रदर्शन का मूल्यांकन नहीं होता, बल्कि बच्चों के विचारों को समझने और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करने का अवसर मिलता है। इन प्रतिभाशाली बच्चों के साथ समय बिताना मेरे लिए बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा। एक मां होने के नाते यह मेरे लिए और भी अधिक भावनात्मक और सार्थक रहा। मुझे उम्मीद है कि इस शो को देखने वाला हर बच्चा कुछ नया सोचने, सवाल पूछने और अपने विचारों पर विश्वास करने के लिए प्रेरित होगा।

