
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। आर.एस. प्रोडक्शन हाउस के तत्वावधान में 18 जुलाई 2026 को होटल शिवा इन में ‘पैराडाइज ऑफ यूपी सीजन-3’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मेकअप, फैशन, मॉडलिंग, डांस और अन्य उभरती प्रतिभाओं को अपनी कला का प्रदर्शन करने के साथ-साथ विशेषज्ञों से प्रोफेशनल प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। प्रेस वार्ता में आयोजक मोहम्मद तौफीक एवं मॉडल सौम्या ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक पंकज गुप्ता तथा नगर पालिका के नामित सभासद कुंवर विनय सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगा। इसके बाद सरस्वती वंदना एवं ग्रैंड मेकअप सेमिनार आयोजित किया जाएगा। सेमिनार में नई दिल्ली की सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट लवली चौधरी मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रशिक्षण देंगी। वहीं कानपुर की रोहिना शहनवाज, महजबीन खान, अलीज़ा, तबस्सुम सिद्दीकी तथा उन्नाव की मेकअप आर्टिस्ट रश्मि पटेल प्रतिभागियों को प्रोफेशनल और ब्राइडल मेकअप के साथ-साथ ब्यूटी इंडस्ट्री में करियर बनाने की बारीकियां सिखाएंगी। कार्यक्रम के दौरान ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता, मॉडलिंग रैंप शो और डांस प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा ‘पैराडाइज ऑफ यूपी अवॉर्ड’ के तहत प्रदेश के टॉप-30 मेकअप आर्टिस्टों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सेलिब्रिटी गेस्ट डीजे निशी और डीजे रिबेल विशेष आकर्षण होंगे। आयोजकों के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और उभरती प्रतिभाओं को ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे विशेषज्ञों से प्रशिक्षण लेकर अपने करियर को नई दिशा दे सकें। मेकअप और फैशन इंडस्ट्री में रोजगार एवं स्वरोजगार की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए कार्यक्रम को प्रशिक्षण, प्रतिभा निखारने और सम्मान पर केंद्रित रखा गया है। कार्यक्रम में समाजसेवी, उद्योग जगत, बैंकिंग, फैशन और विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रमुख हस्तियां भी शामिल होंगी। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश के प्रसिद्ध एंकर एवं स्टैंडअप कॉमेडियन लक्ष्य निगम करेंगे। प्रेस वार्ता के दौरान आयोजक मोहम्मद तौफीक, कनिष्का त्रिवेदी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

