
बंगरा में बने सामुदायिक भवन की होगी क्रॉस चेकिंग, गुणवत्ता खराब मिली तो वसूली
देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों में देरी और गुणवत्ता से समझौता करने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर अब कार्रवाई की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद निर्माण कार्य पूरा करने वाली संबंधित कार्यदायी संस्था से रिकवरी की जाएगी। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनकी प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश भी दिए। सोमवार को विकास भवन के नवीन सभागार में सीडीओ की अध्यक्षता में सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। निर्धारित समय सीमा बीतने के बावजूद कई निर्माण कार्य पूरे नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए।सीडीओ ने विभागीय अधिकारियों से कहा कि अपने विभाग से संबंधित योजनाओं एवं परियोजनाओं को निर्धारित लक्ष्य और समय सीमा के भीतर पूरा कराएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। निरीक्षण के दौरान कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।जनपद में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने धीमी प्रगति वाले विभागों को चेतावनी दी कि यदि कार्यों में गुणात्मक सुधार नहीं आया तो कार्रवाई की जाएगी। सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित विभागों को निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने जिले में निर्माणाधीन सामुदायिक भवनों और बारात घरों का औचक निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। चिरगांव देहात में यूपीपीसीएल द्वारा बनाए जा रहे बारात घर की निर्माण गुणवत्ता पर उन्होंने नाराजगी जताई और कार्यदायी संस्था को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए।राजकीय मेडिकल कॉलेज झांसी परिसर में 29 टाइप-4 आवासों के जीर्णोद्धार की प्रगति और गुणवत्ता पर भी सीडीओ ने असंतोष जताया। बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण निगम द्वारा कराए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यों में सीलन आने की शिकायत सामने आने के बाद उन्होंने टेक्निकल टीम के साथ स्वयं निरीक्षण करने की बात कही। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज में 500 बेड के अस्पताल और 100 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक हॉस्पिटल के लिए एसटीपी-ईटीपी से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई।सीडीओ ने विकासखंड बंगरा में निर्मित सामुदायिक भवन की अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग भवन विंग दीपांकर चौधरी के साथ क्रॉस चेकिंग करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित संस्था से वसूली की कार्रवाई की जाएगी। वहीं यूपी सिडको द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग के पूर्व माध्यमिक विद्यालय चकारा एवं रेवन के उच्चीकरण कार्य का भी सीडीओ टेक्निकल टीम के साथ स्वयं निरीक्षण करेंगे।बैठक में पीडी डीआरडीए राजेश कुमार, डीएसटीओ डॉ. अर्चना सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रजनीश गुप्ता, अधिशासी अभियंता आरईडी रजनीश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग भवन विंग दीपांकर चौधरी सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

