महापौर डिंपल मेहता और आयुक्त राधाबिनोद शर्मा ने किया वितरण, गुणवत्तापूर्ण और डिजिटल शिक्षा पर दिया जोर

मुंबई। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका के शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को आयोजित स्कूल उपयोगी सामग्री वितरण कार्यक्रम के तहत महानगरपालिका की 31 स्कूलों के विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूल यूनिफॉर्म, स्कूल बैग और जूते वितरित किए गए। मुख्य कार्यक्रम काशीगांव स्थित मनपा मराठी माध्यम स्कूल क्रमांक-4 और उर्दू माध्यम स्कूल क्रमांक-5 में आयोजित किया गया, जहां महापौर डिंपल मेहता और आयुक्त राधाबिनोद ए.शर्मा के हाथों विद्यार्थियों को सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर प्रभाग समिति क्रमांक-4 के सभापति संजय थेराडे, स्थानीय नगरसेविकाएं ज्योत्स्ना हसनाले, रूपाली मोदी, यशोदा ताटे, विजया वैती, नगरसेवक तुषार पारधी, अतिरिक्त आयुक्त प्रियंका राजपूत, उपआयुक्त (शिक्षा) कविता बोरकर, स्कूलों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर डिंपल मेहता ने विद्यार्थियों से नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अनुशासन, संस्कार और ईमानदारी जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महानगरपालिका विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी क्षमता का पूरा उपयोग कर उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करना चाहिए। महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही सफल भविष्य की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास, समय प्रबंधन, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समान महत्व देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मनपा प्रशासन विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और सर्वांगीण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए लगातार नए उपक्रम शुरू कर रहा है। शिक्षा विभाग के अनुसार, मीरा-भाईंदर महानगरपालिका क्षेत्र में संचालित 31 मनपा स्कूलों में विद्यार्थियों को पूरी तरह नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। इनमें 16 मराठी, 5 उर्दू, 5 हिंदी और 5 गुजराती माध्यम की स्कूलें शामिल हैं। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महानगरपालिका ने 9 विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी स्कूल विकसित किए हैं। सभी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं, जबकि कई विद्यालयों में टैब लैब और कंप्यूटर लैब की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे विद्यार्थियों के तकनीकी ज्ञान, नवाचार क्षमता और कौशल विकास को बढ़ावा मिल रहा है। वर्तमान में मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की स्कूलों में 9,000 से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं। महानगरपालिका ने कहा कि विद्यार्थियों को सक्षम, शिक्षित और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रति वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



