
भिवंडी में छापेमारी के दौरान मिले सवाल टीईटी प्रश्नपत्रिका से मेल खाने का दावा, नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित होगी
मुंबई। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने रविवार, 28 जून 2026 को राज्यभर के 1,028 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। परिषद ने स्पष्ट किया कि परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। परीक्षा परिषद के अनुसार, टीईटी परीक्षा को सुरक्षित एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। हालांकि, 27 जून की तड़के प्राप्त एक गोपनीय सूचना में आशंका जताई गई कि भिवंडी में कुछ लोगों के पास टीईटी परीक्षा के प्रश्नपत्र से संबंधित जानकारी मौजूद है। सूचना के आधार पर भिवंडी पुलिस ने संबंधित स्थान पर छापेमारी कर जांच की। जांच के दौरान महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को भी तत्काल मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक सत्यापन में संबंधित व्यक्तियों के पास मिले कुछ प्रश्न टीईटी जून 2026 की वास्तविक प्रश्नपत्रिका के प्रश्नों से मेल खाते पाए गए। इस मामले में भिवंडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए परीक्षा परिषद ने निर्णय लिया कि मामले की विस्तृत जांच पूरी होने तक 28 जून को प्रस्तावित टीईटी परीक्षा आयोजित नहीं की जाएगी। परिषद का कहना है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो, इसके लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नई परीक्षा तिथि तथा अन्य महत्वपूर्ण अपडेट के लिए परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर बनाए रखें। नई परीक्षा तिथि की घोषणा जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाएगी।



