
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जंक्शन पर एक हैरान कर देने वाली घटना में एक महिला चलती ट्रेन में चढ़ते समय फिसलकर रेलवे ट्रैक पर गिर गई और उसके ऊपर से पूरी आम्रपाली एक्सप्रेस गुजर गई। राहत की बात यह रही कि महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए पटरियों के बीच सिकुड़कर लेट गई, जिससे उसकी जान बच गई। ट्रेन के सभी 21 डिब्बे उसके ऊपर से गुजर गए, लेकिन उसे केवल कान में मामूली खरोंच आई।यह घटना शनिवार देर रात उन्नाव जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर हुई। जानकारी के अनुसार, रामशिला (48) अपने पति गंगाराम, बेटे सागर और भाई जय के साथ अपने गृह जनपद जाने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। परिवार वर्तमान में अचलगंज क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर कार्य करता है। आम्रपाली एक्सप्रेस में सफर के लिए टिकट लेने के बाद परिवार ट्रेन में सवार हो रहा था। इसी दौरान सामान लेकर पति और बेटा पहले ट्रेन में चढ़ गए, जबकि पीछे से चढ़ रही रामशिला का पैर अचानक फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर जा गिरीं।महिला के गिरते ही परिजन मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक ट्रेन गति पकड़ चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रामशिला ने घबराने के बजाय पटरियों के बीच खुद को समेट लिया, जिससे ट्रेन के डिब्बे उनके ऊपर से गुजरते रहे और वह गंभीर हादसे से बच गईं। ट्रेन गुजरने के बाद मौके पर मौजूद जीआरपी और आरपीएफ कर्मियों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।जिला अस्पताल के चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि महिला पूरी तरह सुरक्षित है और उसे केवल कान में हल्की चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद महिला और उसके परिजन काफी भावुक दिखाई दिए। परिवार ने इसे ईश्वर की कृपा और महिला की सूझबूझ का परिणाम बताया।रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें तथा सुरक्षा नियमों का पालन करें, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही बड़ा हादसा बन सकती है।



