
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उन्नाव के निराला प्रेक्षागृह में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य केंद्र सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न केंद्रीय योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार ने विकास, विश्वास और जनकल्याण को केंद्र में रखते हुए अनेक योजनाएं लागू की हैं तथा उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शनी में गरीब कल्याण, किसान हित, महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आधारभूत संरचना विकास से संबंधित योजनाओं को प्रदर्शित किया गया, जिनकी जानकारी लोगों ने उत्साहपूर्वक प्राप्त की। वक्ताओं ने आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया तथा कहा कि देश तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, पुरवा विधायक अनिल सिंह, भगवंतनगर विधायक आशुतोष शुक्ला, सफीपुर विधायक बंबा लाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा आनंद अवस्थी, अवनीश गुप्ता, नीरज शुक्ला सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भी सम्मेलन में सहभागिता की। सम्मेलन के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।



