
मुंबई। ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के अवसर पर सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग तथा नशाबंदी मंडल महाराष्ट्र राज्य के संयुक्त तत्वावधान में मंत्रालय के त्रिमूर्ति प्रांगण में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं विशेष सहायता विभाग के प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबले ने अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकूमुक्ति की शपथ दिलाई। मंगलवार को कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. हर्षदीप कांबळे और समाजकल्याण आयुक्त दीपा मुधोल-मुंडे के हाथों व्यसनमुक्ति विषयक पोस्टर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। डॉ. कांबळे ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति चिंताजनक है। युवाओं से तंबाकूजन्य पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि तंबाकूमुक्त समाज निर्माण के लिए व्यापक जनजागृति और सामूहिक सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस अवसर पर नशाबंदी मंडल महाराष्ट्र राज्य के सचिव एवं मुख्य संयोजक अमोल एस.भा.मडामे ने बताया कि महाराष्ट्र वर्ष 2011 में व्यसनमुक्ति नीति घोषित करने वाला देश का पहला राज्य बना था। उन्होंने व्यसनमुक्त महाराष्ट्र की दिशा में और प्रभावी कदम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों और धार्मिक स्थलों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकूजन्य पदार्थों की बिक्री पर प्रतिबंध लागू करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान और कानून के सख्त क्रियान्वयन की पहल की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान ‘कल्याणयात्रा – व्यसनमुक्ति की गाथाएं’ मासिक पत्रिका के मई 2026 अंक का विमोचन भी डॉ. कांबळे के हाथों किया गया। साथ ही तंबाकूमुक्ति विषयक पोस्टर्स का भी लोकार्पण किया गया। डॉ. कांबळे और आयुक्त दीपा मुधोळ-मुंडे ने विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर उनके कार्यों की सराहना की। पोस्टर, प्रदर्शनी, पत्रक और जानकारीपरक कटआउट्स के माध्यम से नागरिकों को तंबाकूजन्य पदार्थों के दुष्परिणामों तथा ‘तंबाकूजन्य पदार्थ विक्री कानून 2003’ की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सलाम मुंबई फाउंडेशन, सेंट जॉर्ज अस्पताल, केईएम अस्पताल तथा प्रजापिता ब्रह्मा कुमारीज सहित कई संस्थाओं ने भाग लेकर व्यसनमुक्ति का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुंबई शहर संयोजक चेतना सावंत, ठाणे जिला संयोजक मिलिंद पाटील और नशाबंदी मंडल के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित थे।




