
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी “एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) प्रशिक्षण एवं टूलकिट योजना” के अंतर्गत मंगलवार को कमिश्नरी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वस्त्र उत्पाद से संबंधित 100 प्रशिक्षित लाभार्थियों को निःशुल्क टूलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य श्रीमती रमा निरंजन एवं मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम में सभी लाभार्थियों ने 10 दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया। प्रशिक्षण के उपरांत सेक्टर स्किल काउंसिल, भारत सरकार द्वारा परीक्षा आयोजित कर सभी प्रतिभागियों को आरपीएल (Recognition of Prior Learning) प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही लाभार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 2 हजार रुपये मानदेय भी भेजा गया।मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने लाभार्थियों को अपने उत्पादों को ONDC प्लेटफॉर्म और अन्य ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़कर स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने लाभार्थियों को अपने कार्य को बड़े स्तर पर विकसित करने के लिए कानपुर होजरी क्लस्टर से जुड़ने का सुझाव दिया।एमएलसी श्रीमती रमा निरंजन ने लाभार्थियों से संवाद कर प्रशिक्षण से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी प्रशिक्षित युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत ऋण प्राप्त कर स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया और शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के सफल संचालन में श्रीमती निधि हयारण, अंकित प्रजापति एवं ललित कुमार कुशवाहा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




