Wednesday, May 13, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमहात्मा फुले स्मारक पुनर्वसन मुद्दों पर विधानभवन में समीक्षा बैठक, रहिवासियों को...

महात्मा फुले स्मारक पुनर्वसन मुद्दों पर विधानभवन में समीक्षा बैठक, रहिवासियों को विश्वास में लेकर प्रक्रिया चलाने के निर्देश

मुंबई। पुणे स्थित महात्मा फुले स्मारक रहिवाशी कृती समिति से जुड़े लंबित मुद्दों को लेकर विधानभवन में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोऱ्हे ने की। इस दौरान पुनर्वसन प्रक्रिया को पारदर्शी और लोकाभिमुख तरीके से लागू करने पर जोर दिया गया। मंगलवार को बैठक प्रत्यक्ष और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें पुनर्वसन, मुआवजा, फ्लैट आवंटन और सर्वेक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. नीलम गोऱ्हे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अन्य महानगरपालिकाओं में दिए गए मुआवजे और पुनर्वसन मॉडल का अध्ययन किया जाए। साथ ही यह भी जांचा जाए कि महानगरपालिका कितनी भूमि समायोजित कर सकती है और अन्य शहरों में रहिवासियों को किस प्रकार का मोबदला दिया गया है। उन्होंने महानगरपालिका अधिकारियों को 15 तारीख को विशेष बैठक आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित रहिवासियों के सामने पूरी नीति स्पष्ट रूप से रखी जाए और उनका विश्वास जीता जाए। पुनर्वसन प्रक्रिया में लोगों की सहभागिता और भरोसा सबसे महत्वपूर्ण है। बैठक में यह सुझाव भी दिया गया कि जिन लोगों को नकद मुआवजा चाहिए उन्हें नकद राशि और जिन्हें फ्लैट चाहिए उन्हें फ्लैट देने का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। सभी स्मारकों और प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर उसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. गोऱ्हे ने कृती समिति के सदस्यों को स्थायी समिति सदस्यों के समक्ष अपना निवेदन औपचारिक रूप से प्रस्तुत करने की सलाह दी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कितने लोग घर स्वीकार करना चाहते हैं और कितने नकद मुआवजे के पक्ष में हैं। उन्होंने पुणे महानगरपालिका के अधिकारियों को सभी संबंधित नागरिकों के साथ अलग-अलग बैठक कर सीधे संवाद स्थापित करने और उसके बाद लोगों को विश्वास में लेकर आगे की पुनर्वसन प्रक्रिया चलाने के निर्देश दिए। बैठक में यह जानकारी भी दी गई कि महात्मा फुले स्मारक रहिवासियों के पुनर्वसन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा मंत्री चंद्रकांत पाटील के समक्ष भी निवेदन के माध्यम से विषय रखा जाएगा। बैठक में पुणे महानगरपालिका के अतिरिक्त आयुक्त प्रजित नायर, उपायुक्त सपकाळ, नगर विकास विभाग की उपसचिव प्रियंका छापवाले तथा महात्मा फुले स्मारक रहिवाशी कृती समिति के अध्यक्ष निलेश गिरमे सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments