
कल्याण। रुक्मिणीबाई अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड पर कार चालक द्वारा लोहे की रॉड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स के गार्ड किशोर लोटे अस्पताल के मुख्य गेट पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक कार चालक मरीज को उतारने के बाद अपनी गाड़ी अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने खड़ी कर चला गया था, जिससे एम्बुलेंस और अन्य इमरजेंसी वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी। गार्ड किशोर लोटे ने चालक से गाड़ी हटाने का अनुरोध किया ताकि आपातकालीन सेवाएं प्रभावित न हों। आरोप है कि इस बात पर चालक भड़क गया और उसने गार्ड से अभद्रता शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने पहले गार्ड के साथ बहस की और फिर मारपीट शुरू कर दी। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब आरोपी ने अपनी कार से लोहे की रॉड निकाली और गार्ड पर हमला कर दिया। हमले में गार्ड की यूनिफॉर्म फट गई और उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। वायरल फुटेज में आरोपी को अस्पताल गेट के पास सिक्योरिटी गार्ड पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहन नंबर की पहचान कर ली है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं अस्पताल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने इमरजेंसी सेवाओं में बाधा डालने और अस्पताल स्टाफ पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अस्पताल के इमरजेंसी जोन में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की भी मांग उठ रही है।




