
मुंबई (इंद्र यादव)। आर्थिक राजधानी मुंबई के व्यस्त मार्ग घाटकोपर-मानखुर्द लिंक रोड पर ईस्टर्न फ्रीवे के पास एक चलती ऑटो-रिक्शा अचानक आग का गोला बन गई, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रिक्शा जैसे ही ईस्टर्न फ्रीवे के पास पहुंचा, उसके इंजन से तेज लपटें निकलने लगीं, लेकिन ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन को सड़क किनारे रोका और बाहर कूद गया, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। आग की वजह से कुछ समय के लिए ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, हालांकि मौके पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात बहाल कर दिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या इंजन की तकनीकी खराबी माना जा रहा है, जबकि रिक्शा पूरी तरह जलकर खाक हो गया है, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दमकल विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि बढ़ती गर्मी में अपने वाहनों की नियमित सर्विसिंग और वायरिंग की जांच कराते रहें तथा किसी भी तरह की जलने की गंध या धुआं महसूस होने पर तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।




