
मुंबई। मुंबई बीएमसी की मेयर ऋतु राजेश तावड़े ने शुक्रवार को भारत सरकार के महत्वाकांक्षी जनगणना 2026-2027 अभियान का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों का डेटा दर्ज करते हुए ‘स्व-गणना’ (Self-Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत की। यह अभियान भारत सरकार द्वारा संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत पहला चरण 1 मई 2026 से प्रारंभ हो चुका है। इस चरण में नागरिकों को डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जनगणना जानकारी भरने की सुविधा दी गई है, जिससे प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और तेज़ हो सके। कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें संयुक्त आयुक्त (सतर्कता) एम. देवेंद्र सिंह, ‘एन’ वार्ड के सहायक आयुक्त मारुति पवार, जनगणना कार्यालय की सहायक निदेशक श्रीमती तेजल कटारे, सांख्यिकी अधिकारी श्रीमती रुचिरा तेलंग और चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रविंद्र हांगे शामिल थे। मेयर ने नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और स्व-गणना प्रक्रिया का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर भविष्य की नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।




