
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव में भीषण गर्मी के बीच गहराते बिजली संकट को लेकर सदर विधायक पंकज गुप्ता का आक्रोश सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विधायक ने जिले की बदहाल विद्युत व्यवस्था पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि यदि सात दिन के भीतर हालात में सुधार नहीं हुआ तो वे जनता के साथ सड़क पर उतरकर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि जिस उन्नाव की धरती स्वतंत्रता संग्राम की पहचान रही है, आज वहीं के लोग 45 डिग्री तापमान में घंटों बिजली कटौती झेलने को मजबूर हैं।
विधायक ने प्रदेश सरकार के उस निर्देश का हवाला दिया जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे और शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की बात कही गई है, लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि यह व्यवस्था जमीनी स्तर पर लागू नहीं हो रही। जिले में 8-8 घंटे की कटौती आम हो गई है और बिजली आने पर भी लो वोल्टेज की समस्या बनी रहती है, जिससे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण ठीक से काम नहीं करते। इसका सीधा असर किसानों, छात्रों और व्यापारियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों पर फोन न उठाने और समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जर्जर तार, ओवरलोड ट्रांसफॉर्मर और जवाबदेही की कमी से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं। विधायक ने अधीक्षण अभियंता से लेकर जूनियर इंजीनियर तक सभी जिम्मेदार अधिकारियों को चेताया कि यदि एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो जनआंदोलन किया जाएगा।
सुधार के लिए उन्होंने छह प्रमुख सुझाव भी दिए, जिनमें 24 घंटे कंट्रोल रूम की स्थापना, बिजली रोस्टर को सार्वजनिक करना, ट्रांसफॉर्मर बैंक तैयार करना, जर्जर लाइनों को बदलना, अधिकारियों की जवाबदेही तय करना और जनप्रतिनिधियों को निगरानी प्रक्रिया में शामिल करना शामिल है। अंत में उन्होंने आम जनता से बिजली की बचत करने और अपनी समस्याओं को दर्ज कराने की अपील की, ताकि व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।




