
ठाणे। ठाणे कमिश्नरेट क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने की घटनाओं ने अभिभावकों और पुलिस प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। बीते दो दिनों में चार अलग-अलग पुलिस थाना क्षेत्रों से चार नाबालिग लड़कियों के गायब होने के मामले सामने आए हैं, जिसके बाद कासरवाडावली, वर्तकनगर, कपूरबावड़ी और मुंब्रा पुलिस थानों में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं। पहली घटना कपूरबावड़ी थाना क्षेत्र के आज़ादनगर, धोकली इलाके की है, जहां 11.6 वर्षीय बच्ची 19 मार्च की रात करीब 8 बजे अचानक अपने घर से लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरी घटना 20 मार्च को कासरवाडावली थाना क्षेत्र में सामने आई, जहां 14 वर्षीय लड़की बिना कुछ बताए घर से चली गई। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद मामला दर्ज किया गया। तीसरी घटना वर्तकनगर थाना क्षेत्र के साबल चाल, पोखरण रोड नंबर-1 स्थित भीम नगर इलाके की है। यहां 16 वर्षीय लड़की कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों और दोस्तों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। चौथी घटना मुंब्रा थाना क्षेत्र की है, जहां एक नाबालिग लड़की अपने दोस्त के साथ टहलने का बहाना बनाकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका, जिसके बाद मामला दर्ज कराया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया है। अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, पुलिस विभाग के लिए भी यह मामले गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। पुलिस द्वारा सभी मामलों में जांच तेज कर दी गई है और लापता लड़कियों की तलाश के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है। साथ ही, नागरिकों से भी अपील की गई है कि यदि किसी को इन लड़कियों के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।




