
मुंबई। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने सोमवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल पद की शपथ ली। राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में बॉम्बे उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश श्री चंद्रशेखर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। आचार्य देवव्रत ने यह शपथ संस्कृत में ली। समारोह के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल को गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी। आचार्य देवव्रत महाराष्ट्र के 22वें राज्यपाल बने हैं। इस अवसर पर विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट राहुल नार्वेकर, विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीलम गोरहे, मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, मंत्री बाबासाहेब पाटिल, मंत्री एडवोकेट माणिकराव कोकाटे, मुख्य सचिव राजेश कुमार और अतिरिक्त मुख्य सचिव (प्रोटोकॉल) मनीषा म्हैसकर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद मुख्य सचिव राजेश कुमार ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जारी नियुक्ति की अधिसूचना पढ़कर सुनाई। समारोह का समापन भी राष्ट्रगान के साथ हुआ। शपथ ग्रहण के बाद भारतीय नौसेना द्वारा राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उल्लेखनीय है कि गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।





