
पुणे। वाल्हेकरवाड़ी के कृष्णाई कॉलोनी में रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना में दोपहिया वाहन पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 17 वर्षीय किशोरी कोमल भारत जाधव पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह वारदात रात लगभग 9 बजे की है। पुलिस के अनुसार, हमले में गंभीर रूप से घायल कोमल को अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन इलाज शुरू होने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। इस मामले में कोमल के मामा, सचिन बिभीषण माने (39, निवासी वाल्हेकरवाड़ी, चिंचवड़) ने चिंचवड़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी जानकारी में बताया गया कि रात लगभग 8:30 बजे शिकायतकर्ता की बेटी अदिति ने फोन कर सूचित किया कि कोमल दीदी पर हमला हुआ है और वह खून से लथपथ बेहोश पड़ी हैं। सूचना मिलते ही सचिन माने घटनास्थल पर पहुंचे और कोमल को तुरंत अपनी गाड़ी से अस्पताल ले गए। वहां के डॉक्टरों ने उन्हें वाईसीएम अस्पताल रेफर किया, जहां डॉक्टरों ने कोमल को मृत घोषित कर दिया। मृतका कोमल वाल्हेकरवाड़ी स्थित कृष्णाई कॉलोनी में अपनी मां और भाई के साथ रहती थी। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, कोमल की मां पिछले कुछ वर्षों से अपने पति से अलग रह रही हैं क्योंकि कोमल के पिता शराब की लत के चलते परिवार से अलग हो चुके हैं। चिंचवड़ पुलिस ने अज्ञात दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।




