
मुंबई। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) पश्चिम क्षेत्र द्वारा इस वर्ष 9 जून से ‘छत्रपति शिवाजी महाराज दर्शन यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष यात्रा महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (MTDC) के सहयोग से संचालित की जाएगी, जिसकी बुकिंग प्रारंभ हो चुकी है। यह यात्रा कुल 6 रात्रि और 5 दिन की होगी और इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। यह यात्रा भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के माध्यम से आयोजित की जाएगी, जिसमें यात्रियों के लिए आरामदायक यात्रा और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
यात्रा का मार्ग इस प्रकार होगा
मुंबई (सीएसटीएम) से प्रारंभ होकर यह यात्रा पुणे, रायगढ़, शिवनेरी, भीमाशंकर, सतारा, प्रतापगढ़ और कोल्हापुर के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का दर्शन कराएगी। आईआरसीटीसी के ग्रुप महाप्रबंधक गौरव झा ने गुरुवार को एक पत्रकार सम्मेलन में जानकारी दी कि इस ऐतिहासिक सर्किट यात्रा का उद्देश्य महाराष्ट्र की महान विरासत और छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े प्रमुख स्थलों को जनमानस तक पहुंचाना है। उन्होंने यह भी बताया कि महाराष्ट्र सरकार भी इस परियोजना में सहयोग कर रही है।