
पालघर। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के कोकण मंडल के पालघर विभाग ने वसई-विरार क्षेत्र में स्वच्छता मानकों को लेकर प्राप्त शिकायतों के आधार पर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। एफडीए द्वारा किए गए निरीक्षण में कुल 183 होटल, रेस्तरां और खाद्य दुकानों की जांच की गई, जिसमें से 154 खाद्य नमूने परीक्षण हेतु एकत्र किए गए। सहायक आयुक्त एवं नामित अधिकारी पी.आर.सिंगरवाड ने जानकारी दी कि इनमें से 14 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके 2011 के नियमों के अनुसार अनुपयुक्त पाए गए, जिसके चलते 14 प्रतिष्ठानों के विरुद्ध मामले दर्ज किए गए हैं। कार्रवाई के अंतर्गत 124 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए, सात कानूनी मामले दर्ज हुए और कुल 1,50,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया, जिसमें पांच मामलों में 25,000 रुपये का दंड अधिरोपित किया गया। इसके अतिरिक्त, गंभीर उल्लंघनों के कारण पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। एफडीए ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु ऐसे निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।




