Tuesday, April 21, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशविभागीय ऋण योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण, एडीएम ने अधिकारियों व बैंकर्स...

विभागीय ऋण योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण, एडीएम ने अधिकारियों व बैंकर्स को दी बधाई

देवेश प्रताप सिंह राठौर/झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद झांसी में संचालित विभिन्न विभागीय ऋण योजनाओं में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए शत-प्रतिशत से अधिक लक्ष्य पूर्ण किए जाने पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) शिव प्रताप शुक्ल ने अधिकारियों और बैंकर्स को बधाई दी है। कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु समिति, व्यापार बंधु समिति एवं जनपद स्तरीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की संयुक्त बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत निर्धारित 2300 के लक्ष्य के सापेक्ष 2535 लाभार्थियों को आच्छादित किया गया, जबकि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में ₹290.75 लाख (मार्जिन मनी) के मुकाबले ₹302.67 लाख का वितरण कर लक्ष्य से अधिक उपलब्धि दर्ज की गई। इसी तरह ओडीओपी (एक जनपद-एक उत्पाद) वित्तपोषण योजना में भी ₹63 लाख के लक्ष्य के सापेक्ष ₹105.54 लाख का वितरण कर बेहतर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से बुंदेलखंड क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा मिल रहा है और युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं, जो प्रदेश की वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एडीएम ने बैंकर्स को निर्देश दिए कि आगामी वित्तीय वर्ष में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ आवेदनों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक युवा उद्यमी लाभान्वित हो सकें। बैठक में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए, वहीं एमएसएमई इकाइयों को भू-गर्भ जल प्रबंधन एवं विनियमन के तहत अनिवार्य पंजीकरण कराने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी गई कि अनुपालन न करने पर कार्रवाई की जाएगी। बिजौली स्थित ग्रोथ सेंटर के आवासीय परिसर में मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं पर नाराजगी जताते हुए जल निगम को शीघ्र डीपीआर तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक से पूर्व आयोजित व्यापार बंधु समिति में मानिक चौक क्षेत्र के व्यापारियों ने सार्वजनिक शौचालय की खराब स्थिति को लेकर नाराजगी जताई और नगर निगम पर लापरवाही के आरोप लगाए, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस दौरान एसपी नगर प्रीति सिंह, अपर नगर आयुक्त रोली गुप्ता, उपायुक्त उद्योग मनीष चौधरी, एलडीएम योगेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और व्यापारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments