HomeArchitectureBreakingNEET के बाद अब MPSC परीक्षा में पेपर लीक का साया!

NEET के बाद अब MPSC परीक्षा में पेपर लीक का साया!

MPSC सख्त, संबंधितों के खिलाफ होगी पुलिस शिकायत

देशव्यापी छात्र आंदोलन के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने छोड़ा पद, महाराष्ट्र में करीब एक दशक बाद शुरू हुई औषध निरीक्षक भर्ती में कथित पेपर लीक ने बढ़ाई चिंता

मुंबई। देश में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता और युवाओं के भविष्य को लेकर उठ रहे सवाल थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। NEET-UG 2026 में प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा से जुड़ी अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में चले छात्र आंदोलन और बढ़ते दबाव के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस घटनाक्रम ने देश की परीक्षा व्यवस्था, उसकी पारदर्शिता और सरकार की जवाबदेही को लेकर एक बड़ी बहस खड़ी कर दी है। NEET विवाद में लाखों विद्यार्थियों के भविष्य का सवाल जुड़ा था। परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक को लेकर छात्रों और युवाओं ने लगातार विरोध प्रदर्शन किए। आंदोलन के दौरान शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से उठी। लंबे समय तक चले विरोध और बढ़ते दबाव के बीच धर्मेंद्र प्रधान का पद छोड़ना परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे की गंभीरता को दर्शाता है। NEET का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि महाराष्ट्र में महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) द्वारा आयोजित औषध निरीक्षक (ग्रुप-बी) भर्ती परीक्षा में कथित प्रश्नपत्र लीक की खबर ने राज्य के युवाओं के सामने एक नई चिंता खड़ी कर दी है। इस मामले के सामने आने के बाद भर्ती परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने भी पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है। सोमवार को आयोग के सचिव महेंद्र हरपालकर ने बताया है कि औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक से संबंधित प्राप्त साक्ष्यों और निवेदनों की गहन जांच एवं सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में विधिवत शिकायत दर्ज कराई जाएगी। महाराष्ट्र में औषध निरीक्षकों की भारी कमी लंबे समय से चिंता का विषय रही है। करीब एक दशक बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों युवाओं में उम्मीद जगी थी। वर्षों से इस भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी में अपना समय, मेहनत और पैसा लगाया। लेकिन भर्ती प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही पेपर लीक का मामला सामने आने से उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।यह सवाल भी महत्वपूर्ण है कि जब इतने लंबे समय बाद किसी महत्वपूर्ण पद के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू होती है, तो उसकी गोपनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी किसकी है? औषध निरीक्षक का पद सीधे दवाओं की गुणवत्ता, नियमों के अनुपालन और आम नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा है। ऐसे महत्वपूर्ण पदों पर योग्य उम्मीदवारों का निष्पक्ष चयन होना आवश्यक है। NEET विवाद के बाद अब MPSC द्वारा एफडीए के औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा पर उठ रहे सवाल यह संकेत देते हैं कि परीक्षा व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर और मजबूत कदम उठाने की जरूरत है। प्रश्नपत्र तैयार होने से लेकर उसे परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने और परीक्षा संपन्न होने तक पूरी प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें किसी भी स्तर पर सेंध लगाने की गुंजाइश न रहे।सरकार और आयोग भले ही जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दें, लेकिन बार-बार महत्वपूर्ण परीक्षाओं पर उठते सवाल परीक्षार्थियों के मन में व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करते हैं। एक युवा सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए कई वर्षों तक तैयारी करता है। कोचिंग, किताबें, परीक्षा शुल्क और यात्रा पर खर्च करने के साथ अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय भी प्रतियोगी परीक्षाओं में लगाता है। ऐसे में यदि उसे यह आशंका हो कि परीक्षा से पहले ही किसी के पास प्रश्नपत्र पहुंच सकता है, तो उसकी मेहनत और पूरी चयन प्रक्रिया पर भरोसा प्रभावित होना स्वाभाविक है। NEET से लेकर MPSC तक सामने आए विवादों के बीच सवाल केवल यह नहीं है कि पेपर लीक करने वाला कौन है। बड़ा सवाल यह है कि प्रश्नपत्र की सुरक्षा के लिए बनाई गई व्यवस्था में सेंध कैसे लगती है और इसके लिए जवाबदेही किसकी तय होगी। केवल एफआईआर, गिरफ्तारी या जांच की घोषणा पर्याप्त नहीं है। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पूरी परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है। MPSC के सामने अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी इस मामले की सच्चाई जल्द सामने लाने की है। यदि जांच में प्रश्नपत्र लीक की पुष्टि होती है, तो यह पता लगाया जाना चाहिए कि इसके पीछे कौन लोग थे, प्रश्नपत्र किस स्तर से बाहर पहुंचा और क्या इससे पूरी परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित हुई। जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ उन अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा भी जरूरी होगी, जिन्होंने पूरी ईमानदारी और मेहनत से परीक्षा दी है। NEET मामले में युवाओं के आंदोलन और उसके बाद धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे ने यह दिखाया कि परीक्षा से जुड़ा मुद्दा केवल छात्रों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि सरकार और व्यवस्था की जवाबदेही से भी जुड़ जाता है। अब महाराष्ट्र में MPSC औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े प्रकरण ने राज्य सरकार और आयोग के सामने परीक्षा प्रणाली में युवाओं का भरोसा बनाए रखने की चुनौती खड़ी कर दी है।सरकारी भर्ती में युवाओं को केवल नौकरी का अवसर नहीं मिलता, बल्कि वे व्यवस्था से निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की उम्मीद रखते हैं। यदि मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के मन में यह धारणा बनने लगे कि परीक्षा की गोपनीयता सुरक्षित नहीं है, तो इससे पूरी भर्ती व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। इसलिए औषध निरीक्षक भर्ती परीक्षा से जुड़े मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच आवश्यक है। सच्चाई को सार्वजनिक किया जाना चाहिए और यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी साबित होती है तो जिम्मेदारी तय कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही भविष्य की MPSC परीक्षाओं में प्रश्नपत्र की सुरक्षा से लेकर परीक्षा केंद्रों की निगरानी तक ऐसी व्यवस्था लागू करनी होगी, जिससे अभ्यर्थियों का विश्वास कायम रहे। अब निगाहें MPSC की जांच और सरकार के अगले कदम पर हैं। क्योंकि सवाल केवल एक प्रश्नपत्र या एक भर्ती परीक्षा का नहीं है, बल्कि हजारों युवाओं की वर्षों की मेहनत, उनके भविष्य और सरकारी भर्ती व्यवस्था पर उनके विश्वास का है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments