
ठाणे। नागरिकों को पारदर्शी, समयबद्ध और जवाबदेह सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुंबई महानगर प्रदेश झोपड़पट्टी पुनर्वसन प्राधिकरण (SRA), ठाणे कार्यालय में ‘सेवा हक्क दिन’ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवा भावना और जवाबदेही के साथ काम करने का संकल्प लिया। मंगलवार को प्राधिकरण के दूसरे तल स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी एकत्रित हुए और महाराष्ट्र लोकसेवा हक्क अधिनियम-2015 के अंतर्गत पारदर्शिता, निर्धारित समयसीमा, निष्ठा और तत्परता के साथ सेवाएं प्रदान करने की सामूहिक शपथ ली। इस दौरान नागरिकों के सेवा अधिकारों का सम्मान करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में प्राधिकरण की सचिव श्रीमती कल्पना जगताप, उप मुख्य अभियंता राजकुमार पवार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।सेवा हक्क दिन के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार जनजागरण को प्राथमिकता देते हुए ‘आपले सरकार’ पोर्टल, राज्य सेवा हक्क आयोग तथा विभिन्न ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने पर बल दिया गया। प्राधिकरण द्वारा महाराष्ट्र लोकसेवा हक्क अधिनियम-2015 के अंतर्गत अधिसूचित 22 सेवाएं अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं, साथ ही सेवाओं की सूची का QR कोड भी नागरिकों के लिए सुलभ किया गया है, जिससे जानकारी प्राप्त करना और सेवाओं का लाभ लेना आसान हो सके।इस अवसर पर सचिव श्रीमती कल्पना जगताप ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पथनाट्य, लेखन और अन्य रचनात्मक माध्यमों के जरिए नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी उपस्थितों का आभार व्यक्त करते हुए नागरिक-केंद्रित सेवा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।




