
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। सफीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम परियर में दबंगों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता किरन पत्नी उमाशंकर ने गांव के ही दो लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार, 31 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे राजेन्द्र और मुकेश (पुत्र सोनेलाल) ने उनके पति पर लोहे की रॉड, लाठी और लात-घूसों से हमला कर दिया। इस हमले में उनके पति के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती हैं। किरन का आरोप है कि जब वह अपने पति को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस मामले में थाना सफीपुर में अपराध संख्या 44/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी लगातार सुलह का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। इसके बावजूद अब तक पुलिस द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है और न ही जांच के दौरान आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण, जैसे सीटी स्कैन, कराया गया है। किरन के मुताबिक, 6 फरवरी 2026 को दिए गए प्रार्थना पत्र पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, 28 अप्रैल 2026 को आरोपियों द्वारा दोबारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें प्रियान्शू को निशाना बनाया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों द्वारा झूठे मुकदमे में फंसाने, घर में आग लगाने और जान से मारने की धमकियां लगातार दी जा रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।




