
नागपुर। नागपुर जिले के कोराडी क्षेत्र में महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से महिला आर्थिक विकास महामंडल के माध्यम से एक आधुनिक गारमेंट सेंटर की स्थापना की जा रही है। इस केंद्र में महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का छह माह का प्रशिक्षण, वजीफा और प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन के लिए एकल निविदा प्रक्रिया अपनाने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश महिला एवं बाल विकास मंत्री आदिती तटकरे ने दिए हैं। राजस्व मंत्री व नागपुर जिले के पालकमंत्री श्री चंद्रकांत बावनकुळे द्वारा महिलाओं को नियमित प्रशिक्षण और वजीफा देने की मांग के बाद यह पहल की गई। इस संदर्भ में मंत्रालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक में मंत्री तटकरे ने कहा, “महिला आर्थिक विकास महामंडल के माध्यम से नागपुर की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने हेतु यह केंद्र एक महत्त्वपूर्ण कदम होगा। केंद्र से लगभग 200 महिलाओं को सीधे रोजगार मिलेगा।” बैठक में सचिव डॉ. अनुपकुमार यादव, महामंडल की प्रबंध निदेशक श्रीमती नयना गुंडे, सह सचिव वी. आर. ठाकुर और महाप्रबंधक रविंद्र सावंत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अन्य रोजगारपरक परियोजनाएं भी होंगी शुरू
इसके अलावा, महालक्ष्मी जगदंबा संस्थान और कोराडी ग्राम पंचायत द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर अगरबत्ती व धूपबत्ती निर्माण यूनिट की परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। इस इकाई से 100 महिलाओं को प्रति माह 6 से 7 हजार रुपये की आय होगी। साथ ही, प्रदूषणरहित कलमकारी व वस्त्र प्रसंस्करण परियोजना तथा सैनेटरी नैपकिन निर्माण परियोजना के जरिए हजारों महिलाओं को रोजगार देने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। मंत्री तटकरे ने सभी परियोजनाओं को शीघ्र प्रारंभ कर स्थानीय स्तर पर महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के निर्देश दिए।




