Sunday, May 17, 2026
Google search engine
HomeCrimeकल्याण स्टेशन पर आरपीएफ जवान पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

कल्याण स्टेशन पर आरपीएफ जवान पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंबई। कल्याण स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक आरपीएफ जवान पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को आरपीएफ जवान नरेंद्र यादव को सूचना मिली थी कि दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस में कुछ यात्री एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही जवान संबंधित कोच तक पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। उन्होंने विवाद में शामिल तीन लोगों को पूछताछ के लिए प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर उतरने के निर्देश दिए। आरोप है कि प्लेटफॉर्म पर उतरते ही तीनों आरोपियों ने जवान नरेंद्र यादव पर हमला कर दिया। अचानक हुई इस झड़प से प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने अब्दुल शेख, सलमान शेख और सरकार शेख नामक तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। अदालत में पेश किए जाने के बाद तीनों आरोपियों को आधारवाड़ी जेल भेज दिया गया। मामले की जानकारी देते हुए कल्याण आरपीएफ के प्रभारी अधिकारी पी आर मीना ने बताया कि जवान यात्रियों के बीच विवाद सुलझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी उन पर हमला किया गया। इस घटना ने एक बार फिर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रेलवे पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments