
मुंबई। मुंबई के भांडुप इलाके से एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी के दोस्त ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पीड़ित का इलाज केईएम अस्पताल में चल रहा है, जहाँ उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान सचिन (46) के रूप में हुई है, जो पेशे से सुरक्षा गार्ड है और भांडुप के टेंभीपाड़ा इलाके में अपने परिवार के साथ रहता है। आरोपी की पहचान घारगे (36) के रूप में हुई है, जो उसी इलाके का निवासी है और पीड़ित का परिचित बताया जा रहा है।
विवाद से हिंसा तक पहुंचा मामला
घटना 17 मार्च की रात करीब 10:45 बजे की है। पुलिस के मुताबिक, सचिन की पत्नी और आरोपी के बीच दोस्ताना संबंध थे। घटना वाले दिन जब सचिन की पत्नी घर पर नहीं थी, तो वह उसे तलाशते हुए घारगे के घर पहुंचा, जहाँ उसने अपनी पत्नी को मौजूद पाया। इस बात को लेकर सचिन, उसकी पत्नी और आरोपी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने कथित तौर पर सचिन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल सचिन को अस्पताल पहुंचाया, जिससे उसकी जान बच सकी। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की भांडुप पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पीड़ित के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।




