
उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव-नियुक्त प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक राजेंद्र पाल गौतम के प्रथम प्रदेश आगमन पर उन्नाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं पंचशील पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत राजेंद्र पाल गौतम ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की मजबूत नींव हैं। उन्होंने कहा कि देश वर्तमान समय में एक महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है और ऐसे समय में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुसार, आज सार्वजनिक संस्थानों और राष्ट्रीय संपत्तियों को एक-एक कर निजी हाथों में सौंपा जा रहा है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक मूल्यों पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। राजेंद्र पाल गौतम ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि देश की स्वतंत्रता, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करनी है तो सभी को पूरी मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनसंपर्क ही संगठन को मजबूत बनाएगा तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने में सहायक होगा। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमत सिंह, सतीश शुक्ला, आर.एन. कुशवाहा, अमरेंद्र प्रताप सिंह, जावेद कमाल, यूसुफ फारुकी, जंग बहादुर सिंह, कमल तिवारी, शांति पटेल, शिवम अवस्थी, मुनेश्वर वर्मा, बी.डी. कठेरिया, प्रदीप शर्मा, मणिकांत रावत, बाबू राम निषाद, मनोज शर्मा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर राजेंद्र पाल गौतम का गर्मजोशी से स्वागत किया।



