
मुंबई। आर्थिक राजधानी मुंबई में चोरी की एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। एक शातिर आरोपी ने पहले एक निजी कार चुराई और उसके बाद मुंबई पुलिस की ट्रैफिक एस्कॉर्ट की सरकारी गाड़ी लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने सबसे पहले सुबह एक कार चोरी की और उसे तेज रफ्तार व गलत दिशा में चलाते हुए फरार हो गया। इस दौरान पुलिस ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ भी लिया, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से निकलकर भागने में सफल रहा।इसके अगले दिन आरोपी मुंबई की कोस्टल रोड पर पहुंचा, जहां मुंबई पुलिस की ट्रैफिक एस्कॉर्ट गाड़ी खड़ी थी। बताया जा रहा है कि वाहन चालक कुछ समय के लिए वहां से हटे थे। इसी दौरान आरोपी ने मौका पाकर सरकारी वाहन लेकर फरार हो गया।इसके बाद आरोपी ने वर्ली और महालक्ष्मी क्षेत्र में पुलिस की गाड़ी को गलत दिशा में चलाया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की और पीछा करते हुए आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई सरकारी गाड़ी इस दौरान क्षतिग्रस्त हो गई। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने दोनों वारदातों को कैसे अंजाम दिया और उसके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक रिकॉर्ड है या नहीं।

