HomeMaharashtraसवालों के घेरे में बीएमसी एच/पूर्व की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे की...

सवालों के घेरे में बीएमसी एच/पूर्व की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे की कार्यप्रणाली

खार पूर्व के साईं बाबा रोड पर जगह-जगह गड्ढे, डेब्रिज से मरम्मत पर उठे सवाल

मुंबई। मुंबई में मानसून की शुरुआत के साथ ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सड़क रखरखाव और मानसून पूर्व तैयारियों के दावों की पोल खुलती नजर आने लगी है। साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की मौत तथा विगत दिनों चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से एक मासूम की जान जाने जैसी घटनाओं ने बीएमसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच बीएमसी के एच/पूर्व विभाग के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 94 स्थित खार पूर्व के साईं बाबा रोड की बदहाल स्थिति स्थानीय नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर एक-दो नहीं बल्कि सैकड़ों गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों, स्कूल जाने-आने वाले बच्चों, बुजुर्गों और पैदल यात्रियों को प्रतिदिन जोखिम भरा आवागमन करना पड़ रहा है। दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि परिरक्षण विभाग के सहायक अभियंता सचिन भुजबल तथा रोड अभियंता विलास राठौड़ को सड़क की जर्जर स्थिति और गड्ढों की जानकारी होने के बावजूद अब तक प्रभावी मरम्मत कार्य नहीं कराया गया है। स्थानीय निवासी राधे श्याम प्रजापति का कहना है कि संबंधित अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। यही नहीं कई गड्ढों को भरने के लिए बीएमसी द्वारा डेब्रिज (निर्माण मलबे) का उपयोग किया गया, जो पहली ही बारिश में बह गया। देश की सबसे समृद्ध महानगरपालिका द्वारा सड़क मरम्मत के लिए इस प्रकार की अस्थायी और निम्न गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किए जाने से विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मानसून पूर्व सड़क मरम्मत और गड्ढामुक्त मुंबई के दावे केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं। लोगों ने बीएमसी एच/पूर्व की सहायक आयुक्त मृदुला अंडे से मांग की है कि साईं बाबा रोड का तत्काल निरीक्षण कर जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए तथा सड़क की स्थायी और गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से पहले इस गंभीर समस्या का समाधान हो सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments