HomeCrimeमुंबई के मेयर कार्यालय और मेट्रो स्टेशनों को बम से उड़ाने की...

मुंबई के मेयर कार्यालय और मेट्रो स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर पुलिस

मुंबई। मुंबई में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय, मेयर कार्यालय और शहर के मेट्रो स्टेशनों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल बम डिटेक्शन एंड डिस्पोज़ल स्क्वाड (BDDS), डॉग स्क्वाड और विशेष पुलिस टीमों के साथ व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त को प्राप्त ईमेल में विशेष रूप से मेयर कार्यालय, बीएमसी मुख्यालय और मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित सभी स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और हर संदिग्ध स्थान की गहन जांच की गई। तलाशी अभियान के दौरान सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी सामने आए, जिनमें बीएमसी मुख्यालय के बाहर भारी पुलिस बल की तैनाती और अधिकारियों को भवन के अंदर बारीकी से जांच करते देखा गया। एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई और आम नागरिकों की आवाजाही पर निगरानी रखी गई। मुंबई पुलिस ने बताया कि अब तक की जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस धमकी भरे ईमेल के स्रोत और उसे भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से ईमेल की तकनीकी जांच भी की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांत रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान और जांच पूरी होने तक संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था जारी रहेगी। गौरतलब है कि इससे पहले 10 जून को भीबीएमसी मुख्यालय, मेयर कार्यालय और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) सहित कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी मुंबई पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, जिसमें कोई विस्फोटक नहीं मिला था। वर्तमान मामले में भी पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments