
मुंबई में पेड़ गिरने से छात्र की मौत के बाद निगम आयुक्त के निर्देश, जीपीएस टैगिंग के साथ तैयार होगी रिपोर्ट
मुंबई। मुंबई में पेड़ गिरने से एक स्कूली छात्र की मौत की घटना के बाद मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहरभर में खतरनाक पेड़ों का विशेष सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया है। महानगरपालिका आयुक्त राधाबिनोद ए. शर्मा ने संबंधित विभागों को तत्काल सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने कहा कि शहर में अत्यधिक बढ़ चुके, झुके हुए, सूखे तथा दुर्घटना की आशंका वाले पेड़ों की मौके पर जांच की जाए और तकनीकी मानकों के आधार पर यह तय किया जाए कि संबंधित पेड़ को पूरी तरह हटाना आवश्यक है या केवल उसकी खतरनाक शाखाओं की छंटाई पर्याप्त होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक खतरनाक पेड़ का स्पष्ट फोटो लिया जाए और उसकी विधिवत रिकॉर्डिंग की जाए। जहां संभव हो, वहां जीपीएस टैगिंग के साथ फोटो संकलित किए जाएं, ताकि भविष्य में कार्रवाई अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाई जा सके। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों से खतरनाक पेड़ों की संख्या, उनका स्थान, प्रस्तावित कार्रवाई और प्राथमिकता के आधार पर किए जाने वाले उपायों का विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यह कार्य अत्यंत आपातकालीन है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराते हुए उसके विरुद्ध नियमानुसार प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने बताया कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा के लिए खतरनाक पेड़ों की निगरानी के साथ-साथ नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को भी लगातार सक्रिय रखा गया है। महानगरपालिका ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि उनके क्षेत्र में कोई पेड़ या उसकी शाखा खतरनाक स्थिति में दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निगम प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके।



