
मुंबई। मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMI) पर कस्टम्स अधिकारियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 16 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (प्रतिबंधित मादक पदार्थ) बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक गिरोह के लिए कैरियर (सामान ढोने वाला) के रूप में काम कर रहा था। कस्टम्स सूत्रों के अनुसार, पुख्ता सूचना के आधार पर राजस्थान के अजमेर निवासी अजीत कथत को बैंकॉक से मुंबई पहुंचने के बाद एयरपोर्ट के आगमन (अराइवल) क्षेत्र में रोका गया। संदेह के आधार पर उसे आगे की जांच के लिए एयरपोर्ट के सीसीटीवी कक्ष में ले जाया गया, जहां उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 16 प्लास्टिक पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का सूखा पत्तेदार पदार्थ भरा हुआ था। जांच में इसे करीब 16 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड होने का संदेह व्यक्त किया गया। इसके बाद कस्टम्स अधिकारियों ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने कथित रूप से स्वीकार किया कि वह पैसों के बदले इस प्रतिबंधित मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा था। इसके बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां उसकी ओर से अधिवक्ता आशीष सिंह और वीरेंद्र यादव ने पक्ष रखा। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कस्टम्स अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से संकेत मिले हैं कि इस तस्करी नेटवर्क में कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। एजेंसियां अब ड्रग्स के स्रोत, संभावित रिसीवर, फंडिंग नेटवर्क, सप्लाई चेन तथा अन्य सहयोगियों की पहचान करने में जुटी हैं। उधर, हाल ही में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि थाईलैंड में भांग की खेती और बिक्री संबंधी नीतियों में बदलाव के बाद हाइड्रोपोनिक वीड की उपलब्धता बढ़ी है, जिसका फायदा उठाकर तस्कर बैंकॉक से भारत के विभिन्न हवाई अड्डों तक वैक्यूम-सील पैकेटों में मादक पदार्थ की तस्करी कर रहे हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, हाल के दिनों में ऐसे मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

