
मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) के मुंबई मंडल में खाद्य सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिमंडल 5 के सहायक आयुक्त (खाद्य) राहुल ताकाटे के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने 1 अप्रैल 2026 से 30 जुलाई 2026 तक व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान होटल, रेस्टोरेंट, खाद्य उत्पादन इकाइयों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की गहन जांच की गई।एफडीए के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में कुल 170 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 135 लाइसेंसधारी तथा 35 पंजीकृत (रजिस्ट्रेशनधारी) खाद्य व्यवसाय शामिल थे। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान 113 सुधार नोटिस जारी किए गए ताकि संबंधित प्रतिष्ठान निर्धारित समय सीमा के भीतर कमियों को दूर कर सकें। वहीं गंभीर अनियमितताओं वाले 29 प्रतिष्ठानों को व्यवसाय बंद करने के नोटिस जारी किए गए।एफडीए ने नियमों के तहत 60 कंपाउंडिंग (समझौता) आवेदन स्वीकार किए तथा विभिन्न मामलों में ₹6,97,500 का जुर्माना वसूला। लगातार नियमों का उल्लंघन करने वाले 11 खाद्य व्यवसायों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए।एफडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया गया। विभाग का कहना है कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

