
इंद्र यादव/मुंबई। ठाणे शहर के पॉश इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक शराब के नशे में धुत युवक ने रेलवे स्टेशन रोड स्थित कैनान होटल में धारदार कोयता लेकर घुसकर जमकर उत्पात मचाया। आरोपी ने होटल के कांच, फर्नीचर और अन्य सामान को तोड़ डाला तथा कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी दी। इस हिंसक घटना में होटल को करीब 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना से होटल में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता श्यामजी हेमराज द्विवेदी (48) होटल में कैशियर हैं। उन्होंने बताया कि 4 अगस्त 2026 की सुबह करीब 4:30 बजे होटल के बाहर वेटर विवेक तिवारी खड़े थे। तभी सुनील देशमुख (35), निवासी साठेनगर, विटावा, ठाणे शराब के नशे में वहां पहुंचा और विवेक से 2,000 रुपये की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। होटल मैनेजर अनुपम चौधरी उर्फ रिंकू ने बीच-बचाव करते हुए पैसे देने से मना किया, जिससे आरोपी और भड़क गया। उसने फोन पर मैनेजर को अश्लील गालियां देते हुए धमकी दी कि वह होटल को तहस-नहस कर देगा। इसके बाद वह अपने एक साथी के साथ वहां से चला गया। करीब 6:45 बजे आरोपी दोबारा होटल पहुंचा। इस बार उसके हाथ में धारदार कोयता था। वह सीधे होटल के अंदर घुस गया और कैशियर सहित वेटर अजय पारसनाथ पांडे के साथ धक्का-मुक्की करने लगा। आरोपी चिल्लाते हुए कहने लगा, “रिंकू कहां है… आज उसे काट डालूंगा, खत्म कर दूंगा।” इसके बाद उसने होटल की ऊपरी मंजिल पर लगे कांच पर कोयते से कई वार किए, जिससे कांच चकनाचूर हो गया। आरोपी ने होटल के फर्नीचर और अन्य सामान में भी जमकर तोड़फोड़ की। अचानक हुए इस हमले से होटल में मौजूद ग्राहक और कर्मचारी भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे। प्रारंभिक आकलन के अनुसार होटल को लगभग 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही ठाणे नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी सुनील देशमुख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 131, 324(5), 324(6), 329, 351(3), 352 तथा शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 4 और 25 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक सोनाली दिलीप अहिरे को सौंपी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही है। इस घटना के बाद होटल संचालक और कर्मचारी अभी भी सदमे में हैं, जबकि पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है।

