Friday, February 13, 2026
Google search engine
HomeIndiaबृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 52.94 प्रतिशत मतदान, प्रशासन ने सभी घटकों...

बृहन्मुंबई महानगरपालिका चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, 52.94 प्रतिशत मतदान, प्रशासन ने सभी घटकों का जताया आभार

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका सार्वत्रिक चुनाव 2025-26 के तहत संपन्न पूरी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से पूरी हुई। मुंबईकर मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक मतदान कर अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। चुनाव को सफल बनाने में नागरिकों, सभी राजनीतिक दलों, उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं, प्रसार माध्यमों तथा प्रशासनिक और सुरक्षा एजेंसियों का उल्लेखनीय सहयोग मिला, जिसके लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी भूषण गगराणी, अतिरिक्त आयुक्त (शहर) डॉ. अश्विनी जोशी, विशेष कार्य अधिकारी (चुनाव) विजय बालमवार, सह आयुक्त (कर निर्धारण एवं संकलन) विश्वास शंकरवार, अपर जिला अधिकारी (कोंकण विभाग) एवं महानगरपालिका चुनाव समन्वयक सहायक फरोग मुकादम तथा सहायक आयुक्त गजानन बेल्लाळे ने सभी घटकों के प्रति आभार व्यक्त किया। गुरुवार, 15 जनवरी 2026 को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 227 नगरसेवकों के चुनाव के लिए मतदान हुआ, जिसके लिए शहरभर में 10,231 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा हेतु मूलभूत व्यवस्थाएं, दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध, पेयजल, स्वच्छता, रैंप और मार्गदर्शक सूचनाओं की सख्ती से अनुपालना की गई। इस चुनाव प्रक्रिया में कुल 64,375 अधिकारी-कर्मचारी और 4,500 स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मुंबई महानगर के कुल 1 करोड़ 3 लाख 44 हजार 315 मतदाताओं में से 54 लाख 76 हजार 43 मतदाताओं ने मतदान किया, जिनमें 29 लाख 23 हजार 433 पुरुष, 25 लाख 52 हजार 359 महिलाएं और 251 अन्य मतदाता शामिल हैं, जिससे कुल 52.94 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। पूरे चुनाव काल में बृहन्मुंबई महानगरपालिका की सभी यंत्रणाएं अहोरात्र कार्यरत रहीं, वहीं मुंबई पुलिस के लगभग 30 हजार अधिकारी और जवान प्रत्यक्ष बंदोबस्त में तैनात रहे। इसके अतिरिक्त केंद्र और राज्य सरकार, विभिन्न प्राधिकरणों, बैंकों और अर्धशासकीय संस्थाओं के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने में योगदान दिया। केंद्रीय एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। आयुक्त भूषण गगराणी ने सभी यंत्रणाओं के बीच बेहतर समन्वय और अनुशासित कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही लोकतंत्र का यह महत्वपूर्ण उत्सव सफल, भरोसेमंद और प्रभावी बन सका, वहीं अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी ने भविष्य में भी प्रशासनिक कार्यों में इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments