
झांसी, उत्तर प्रदेश। भारतीय मजदूर संघ के 71 वर्ष पूर्ण होने एवं 72वें स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, झांसी क्षेत्र द्वारा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के झांसी डिपो (हंसारी) परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, संगठनात्मक एकता और श्रमिक हितों के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय मजदूर संघ की गौरवशाली यात्रा को याद करते हुए श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा तथा राष्ट्र निर्माण में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के महानायक लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और अमर क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक श्रद्धेय दत्तोपंत ठेंगड़ी एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद भारतीय मजदूर संघ का ध्वजारोहण किया गया तथा उपस्थित कर्मचारियों और कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण कर स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ, झांसी क्षेत्र की क्षेत्रीय अध्यक्ष कुमारी ज्योति मिश्रा ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय मंत्री विजय नारायण शर्मा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीकांत चतुर्वेदी (विभाग प्रमुख, झांसी) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में अवधेश सक्सेना (पूर्व विभाग प्रमुख) उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ की रेलवे यूनियन एवं वाणिज्य शाखा के पदाधिकारी हरि मोहन शर्मा, उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के क्षेत्रीय संरक्षक दुर्गा प्रसाद स्वर्णकार, के.के. गेड़ा, अखिलेश द्विवेदी, गोविंद पाठक (उरई), जरनल सिंह, संजय सिंह, करीम उल्ला खां, हरी सिंह भदौरिया, लक्ष्मीधर दीक्षित, सुधीर, मनोहर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कर्मचारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ आज देश का सबसे बड़ा श्रमिक संगठन बन चुका है, जो श्रमिकों के अधिकारों, सम्मान और राष्ट्रहित के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन ने स्थापना से लेकर अब तक श्रमिक कल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वक्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “भारतीय मजदूर संघ अमर रहे” के नारों के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और संगठनात्मक एकता का वातावरण देखने को मिला।

