HomeArchitectureBreakingएसीबी की बड़ी कार्रवाई: तळोजा में महावितरण के सहायक अभियंता ₹50 हजार...

एसीबी की बड़ी कार्रवाई: तळोजा में महावितरण के सहायक अभियंता ₹50 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

इंद्र यादव/नवी मुंबई। नवी मुंबई के तळोजा क्षेत्र में महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (महावितरण/एमएसईडीसीएल) के एक सहायक अभियंता को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित मोरे के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक निजी कंपनी पी.एन.इलेक्ट्रिकल कंपनी के कार्य से संबंधित फीजिबिलिटी रिपोर्ट जारी करने और फाइल आगे बढ़ाने के एवज में कथित तौर पर ₹50,000 की रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और कार्रवाई की योजना बनाई। एसीबी की टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी सहायक अभियंता ने शिकायतकर्ता से कथित रूप से रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि यह कार्रवाई नवी मुंबई एसीबी द्वारा पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) धर्मराज सोनके के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। एसीबी सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच के तहत आरोपी के निवास और अन्य स्थानों की तलाशी की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। साथ ही उसकी चल-अचल संपत्तियों और अन्य वित्तीय पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद तळोजा और आसपास के महावितरण कार्यालयों में चर्चा का माहौल है। एसीबी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments