Sunday, April 19, 2026
Google search engine
HomeArchitectureभोजला मंडी में गेहूं खरीद का औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं परखने पहुंचे एडीएम...

भोजला मंडी में गेहूं खरीद का औचक निरीक्षण: व्यवस्थाओं परखने पहुंचे एडीएम वरुण कुमार पांडेय

झांसी, उत्तर प्रदेश। भोजला मंडी में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत चल रही गेहूं खरीद का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला खरीद अधिकारी वरुण कुमार पांडेय ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य विभाग के दो तथा भारतीय खाद्य निगम के एक राजकीय गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने केंद्र प्रभारियों से अब तक हुई गेहूं खरीद की जानकारी ली और निर्देश दिए कि क्षेत्र में सक्रिय रूप से भ्रमण कर अधिक से अधिक किसानों से उनकी फसल की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी किसान को केंद्र से वापस नहीं लौटाया जाए और सभी को प्राथमिकता के साथ सुविधा दी जाए। उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए सभी क्रय केंद्रों पर लेखपाल एवं जनसेवा केंद्र संचालकों की ड्यूटी लगाई गई है, जो मौके पर ही फार्मर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी करेंगे, जिससे अधिक से अधिक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ मिल सके। एडीएम वरुण कुमार पांडेय ने अब तक हुई 13,455 मीट्रिक टन गेहूं खरीद पर संतोष व्यक्त किया, लेकिन खरीद को और बढ़ाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों के अभिलेखों की जांच की और समय से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि किसानों को भुगतान आधार लिंक बैंक खातों में पीएफएमएस के माध्यम से 72 घंटे के भीतर किया जाए। निरीक्षण के समय केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन सहित अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध पाए गए। एडीएम ने इलेक्ट्रॉनिक कांटों से हो रही तौल का स्वयं सत्यापन भी किया। मंडी परिसर में आढ़तियों द्वारा की जा रही खरीद और दरों के संबंध में भी उन्होंने किसानों से बातचीत कर जानकारी ली। मौके पर उपस्थित किसानों—रघुवंश प्रताप सिंह, ज्ञान सिंह, प्रशांत सिंह यादव, जयसिंह, अनिल कुमार, मलखान सिंह और सौरभ सिंह यादव सहित अन्य—ने बताया कि भोजला मंडी में तिथि और क्रमवार तरीके से गेहूं की तौल की जा रही है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी संतोष कुमार पटेल, मंडी सचिव बबलू लाल, कृषि विभाग के कर्मचारी अनुज श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments