
मुंबई। महाराष्ट्र में इन दिनों दो अलग-अलग विवादों ने सामाजिक और राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है। एक ओर कथित पाखंडी बाबा अशोक खरात के मामलों को लेकर समाज में आक्रोश है, वहीं दूसरी तरफ राज्य के खाद्य एवं औषधि प्रशासन मंत्री नरहरी झिरवाल से जुड़ा एक कथित वीडियो सामने आने के बाद सियासत में भूचाल आ गया है।सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह करीब सात महीने पुराना है, जिसमें मंत्री झिरवाल एक ट्रांसवुमन के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आ रहे हैं। वीडियो में उनके साथ कुछ खाद्य पदार्थ और शराब भी दिखाई दे रही है, साथ ही एक अन्य व्यक्ति की मौजूदगी भी बताई जा रही है। वायरल वीडियो में ट्रांसवुमन पवन यादव और उसका भाई रवी यादव दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद रवी यादव ने पवन यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनमें ब्लैकमेलिंग और आपराधिक गतिविधियों के दावे भी शामिल हैं।हालांकि, इस वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इसके सामने आते ही विपक्ष ने राज्य सरकार को घेरना शुरू कर दिया है। देवेंद्र फडणवीस सरकार पर सवाल उठाते हुए विपक्ष ने मंत्री झिरवाल के तत्काल इस्तीफे की मांग की है।हर्षवर्धन सपकाल ने इस मामले को “राजनीतिक नैतिकता के पतन” का उदाहरण बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स से वेतन पाने वाले जनप्रतिनिधियों का इस तरह के विवादों में आना गंभीर चिंता का विषय है। वहीं, विजय वडेट्टीवार ने आशंका जताई कि यह मामला ब्लैकमेलिंग से जुड़ा हो सकता है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने भी इस पूरे प्रकरण की जांच की मांग करते हुए कहा कि सरकारी आवास में इस प्रकार की गतिविधियां मर्यादा के खिलाफ हैं और इससे शासन की छवि प्रभावित होती है।गौरतलब है कि इससे पहले भी झिरवाल विवादों में रहे हैं। हाल ही में उनके कार्यालय के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था, जिसके बाद उन्हें अपने निजी सचिव को हटाना पड़ा था। अब इस नए विवाद ने उनकी राजनीतिक स्थिति को और कमजोर कर दिया है।फिलहाल इस पूरे मामले पर मंत्री झिरवाल या उनकी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन बढ़ते राजनीतिक दबाव के बीच यह मुद्दा आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।




