
झांसी, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 रविवार को जनपद के 25 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच सकुशल संपन्न हुई। परीक्षा एक पाली में सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित की गई। कुल 10,214 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,139 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 7,075 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।परीक्षा की शुचिता और नकलविहीन संचालन सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों को पूर्व में सैनिटाइज किया गया तथा सीसीटीवी कैमरों और वॉइस रिकॉर्डर के माध्यम से लगातार निगरानी की गई। जनपद में लागू दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 का सख्ती से पालन कराया गया। अपर जिलाधिकारी शिव प्रताप शुक्ल और पुलिस अधीक्षक नगर प्रीति सिंह ने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कमांड कंट्रोल रूम से परीक्षा कक्षों की लाइव निगरानी की और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, रैम्प तथा सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, एंड्रॉयड फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहा। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली गई तथा महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला शिक्षिकाओं द्वारा कराई गई। प्रत्येक केंद्र पर स्टेटिक और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे तथा पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।परीक्षा नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल ने बताया कि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की। परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की अव्यवस्था या नकल की घटना सामने नहीं आई। इस अवसर पर डीआईओएस रति वर्मा सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।



