सोमनाथ मंदिर राष्ट्रीय स्वाभिमान और भारतीय संस्कृति का प्रतीक: मंत्री आशीष शेलार

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग और सांस्कृतिक कार्य संचालनालय की ओर से आयोजित विशेष सांस्कृतिक अभियान ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अखंड श्रद्धा के 1000 वर्ष’ का शुभारंभ रविवार को मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन से रेल यात्रा के साथ किया गया। इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, आध्यात्मिक विरासत और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना है। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास मंत्री आशीष शेलार ने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि सोमनाथ मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और भारतीय सभ्यता की अखंड परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से मंदिर के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और उससे जुड़ी प्रेरणादायक परंपराओं को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ-साथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, संवाद सत्र और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित विशेष गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक संजय उपाध्याय, नगरसेवक शिवा शेट्टी, आईआरसीटीसी के अतिरिक्त कार्यकारी प्रबंधक हर्षवर्धन सिंह रावत तथा रेलवे के अतिरिक्त वाणिज्य प्रबंधक अमित करवंदे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सांस्कृतिक कार्य संचालनालय के निदेशक श्रीराम पांडे ने कहा कि राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ शास्त्रीय कला, लोककला और भारतीय परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभाग लगातार विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के माध्यम से सोमनाथ के गौरवशाली इतिहास, आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर से अधिकाधिक लोग परिचित हो सकेंगे।

