
मुंबई। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने निर्देश दिया है कि महाराष्ट्र राज्य कृषि महामंडल की संयुक्त खेती करने वाले किसानों को बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कम मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। इसके लिए महाजनको और अन्य संबंधित सरकारी उपक्रमों से प्रस्ताव आमंत्रित कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। मंत्रालय में महाराष्ट्र राज्य कृषि महामंडल से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंत्री बावनकुले ने की। इस अवसर पर राजस्व राज्य मंत्री योगेश कदम, विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश कुमार, महाजनको के अध्यक्ष बी. राधाकृष्णन, राजस्व विभाग के संयुक्त सचिव अजीत देशमुख सहित कृषि महामंडल, ऊर्जा और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि कृषि महामंडल की भूमि किसानों को अनुबंध के आधार पर खेती के लिए दी गई है और उन क्षेत्रों में महावितरण के माध्यम से बिजली आपूर्ति की लागत अधिक हो सकती है। ऐसे में मुख्यमंत्री सौर कृषि योजना के अंतर्गत इन किसानों को सौर ऊर्जा परियोजनाओं के माध्यम से बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री बावनकुले ने कहा कि इस योजना को गति देने के लिए वे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क करेंगे। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि महामंडल की भूमि पर सौर ऊर्जा परियोजनाएं और सोलर पार्क विकसित करने हेतु उपयुक्त स्थानों की पहचान कर नियोजन किया जाए।




