Sunday, April 19, 2026
Google search engine
Homeutilityउन्नाव में स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द: उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री से...

उन्नाव में स्मार्ट मीटर बना सिरदर्द: उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उन्नाव जनपद में लगाए गए स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर अब आम उपभोक्ताओं के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। अत्यधिक बिलिंग, बिना सूचना बिजली कटौती और सर्वर फेल्योर जैसी समस्याओं को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। इसी के चलते नर सेवा नारायण सेवा समिति उन्नाव ने सैकड़ों पीड़ित उपभोक्ताओं के साथ जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।समिति के संस्थापक और प्रखर हिंदू नेता विमल द्विवेदी के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल दो से तीन गुना तक बढ़ गया है, जबकि घरेलू खपत पहले जैसी ही है। सबसे बड़ी समस्या प्रीपेड बैलेंस खत्म होने पर हो रही है। आरोप है कि बिजली विभाग बिना किसी पूर्व सूचना के कभी भी बिजली काट देता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई और मरीजों की देखभाल तक प्रभावित हो रही है। इतना ही नहीं, रिचार्ज करने के बाद भी सर्वर की खराबी के चलते कई घंटों तक बैलेंस अपडेट नहीं होता और उपभोक्ताओं को अंधेरे में बैठना पड़ता है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि मीटर की रीडिंग और बैलेंस कटौती की प्रक्रिया इतनी जटिल है कि आम आदमी के समझ से बाहर है, जिससे पारदर्शिता पर भी सवाल उठ रहे हैं और उपभोक्ता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। समिति ने अपनी तीन प्रमुख मांगें भी रखीं—मीटरों की तकनीकी जांच के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन, रिचार्ज खत्म होने से कम से कम 24 घंटे पहले कॉल या एसएमएस के जरिए सूचना देना अनिवार्य किया जाए, और जिला स्तर पर तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्पलाइन डेस्क स्थापित की जाए। समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इन सुझावों पर अमल संभव नहीं है, तो जनहित में स्मार्ट मीटर व्यवस्था को हटाकर पुरानी मीटर प्रणाली बहाल की जाए, ताकि आम जनता को तत्काल राहत मिल सके। ज्ञापन देने पहुंचे पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार जहां ‘ईज ऑफ लिविंग’ की बात करती है, वहीं स्मार्ट मीटर ने आम आदमी का जीवन मुश्किल बना दिया है। इस दौरान बड़ी संख्या में समिति के पदाधिकारी और उपभोक्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments