Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ मंडलगुरु पूर्णिमा पर प्रकृति वंदन: बच्चों ने लिया ‘एक बच्चा–एक पेड़–एक जिम्मेदारी’...

गुरु पूर्णिमा पर प्रकृति वंदन: बच्चों ने लिया ‘एक बच्चा–एक पेड़–एक जिम्मेदारी’ का संकल्प

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, औरास, उन्नाव में गुरु वंदन के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और जिम्मेदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर आयोजित ‘प्रकृति वंदन एवं गुरु वंदन’ कार्यक्रम में बच्चों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण और उनकी देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी पुलिस कंट्रोल रूम उन्नाव एवं सीनियर सब इंस्पेक्टर अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ द्वारा शुरू किए गए ‘ग्रीन एंड क्लीन यूपी’ अभियान के मुख्य सह-संयोजक डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने “वृक्ष मेरा गुरु”, “मेरा पेड़–मेरी जिम्मेदारी” और “वृक्ष बिना कुछ मांगे हमें देना सिखाता है” जैसे संदेशों पर आकर्षक पोस्टर बनाए। प्रकृति वंदन के दौरान बच्चों ने बताया कि वृक्ष भी गुरु की तरह निःस्वार्थ भाव से देना, स्वयं धूप सहकर दूसरों को छाया देना और अपनी जड़ों से जुड़े रहकर निरंतर आगे बढ़ना सिखाते हैं। गुरु पूर्णिमा को समर्पित करते हुए विद्यालय परिसर में “एक पेड़ गुरु के नाम” के तहत पौधरोपण किया गया। इसके साथ ही गोल्ड मोहर, जामुन, पकड़िया और अमरूद के पौधे लगाए गए। बच्चों ने केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहते हुए उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं संभालने का संकल्प लिया। बच्चों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया, “हम पेड़ लगाएंगे और उन्हें बचाएंगे। नियमित पानी देंगे, उनकी देखभाल करेंगे और पौधे से वृक्ष बनने तक उनका साथ निभाएंगे।” इस पहल को विद्यालय में “एक बच्चा–एक पेड़–एक जिम्मेदारी” का स्वरूप दिया गया। हाल ही में प्रभागीय वनाधिकारी, उन्नाव द्वारा परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रयासों की सराहना किए जाने से उत्साहित विद्यार्थियों ने इस अभियान को विद्यालय की चहारदीवारी से बाहर गांव तक पहुंचाने का भी संकल्प लिया। बच्चों ने रामपुर गढ़ौवा को ‘हरित गांव’ बनाने का लक्ष्य रखते हुए अपने परिवारों और ग्रामीणों को भी पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण से जोड़ने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में शशि देवी, इंद्रपाल, रमनजीत कौर एवं शाहे खुबा उपस्थित रहे और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की समस्त गतिविधियां डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुईं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments