HomeReviewsगुरु पूर्णिमा पर बक्सर घाट में उमड़ेंगे श्रद्धालु, डीएम ने तैयारियों का...

गुरु पूर्णिमा पर बक्सर घाट में उमड़ेंगे श्रद्धालु, डीएम ने तैयारियों का किया निरीक्षण, सुरक्षा और सुविधाओं के दिए निर्देश

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मां चंद्रिका देवी धाम बक्सर घाट पर आयोजित होने वाले मेले एवं गंगा स्नान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह की उपस्थिति में बक्सर घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं के लिए सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, शौचालय और महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले और गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करें। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बीघापुर को घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम समय से तैयार किए जाएं तथा घाटों और शौचालयों की नियमित साफ-सफाई कराई जाए। पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की भी पर्याप्त व्यवस्था रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गहरे पानी वाले क्षेत्रों में श्रद्धालुओं के प्रवेश को रोकने के लिए मजबूत बैरिकेडिंग की जाए। घाट पर पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था रखी जाए और प्रशिक्षित गोताखोरों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। गोताखोरों के संपर्क नंबर संबंधित अधिकारियों के पास उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके। जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बक्सर घाट पहुंचने की संभावना है। ऐसे में गंगा स्नान, पूजन-अर्चन और दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बीघापुर, खंड विकास अधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments