
उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जनपद के क्षेत्र अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय परशुरामपुर में न्याय पंचायत स्तरीय शिक्षा चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर न्याय पंचायत क्षेत्र के सभी विद्यालयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। साथ ही सेवानिवृत्त हो रहे शिक्षक गंगाराम तिवारी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जा रही है, इसलिए अभिभावक अपने एवं आसपास के बच्चों का नामांकन सरकारी स्कूलों में कराएं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि विद्यालय से संबंधित किसी भी समस्या के लिए वे सीधे उनके व्यक्तिगत मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्रधान शिक्षक सुभाष यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा छात्रों को निशुल्क पुस्तकें, जूता-मोजा, ड्रेस, बैग, लाइब्रेरी और स्पोर्ट्स किट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं एआरपी राजकुमार द्विवेदी ने शिक्षकों से अपील की कि वे हर हाल में बच्चों को ‘निपुण’ बनाने के लक्ष्य को पूरा करें। चौपाल के दौरान निपुण छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुदीप सचान, दिनेश वर्मा, ग्राम प्रधान रामू कन्नौजिया सहित कई शिक्षक, अभिभावक और छात्र उपस्थित रहे। इसी क्रम में क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय तेरवा में आयोजित शिक्षा चौपाल में खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह तथा उत्तर प्रदेशीय उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने सेवानिवृत्त शिक्षक गंगाराम तिवारी को शाल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस आयोजन के माध्यम से न केवल छात्रों का मनोबल बढ़ाया गया, बल्कि शिक्षकों के योगदान को भी सम्मानित करते हुए शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया गया।




