
इंद्र यादव/मुंबई। मीरा रोड के नयानगर क्षेत्र में चल रहे कथित देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक महिला एजेंट को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया। मामले में नयानगर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय की महिला अत्याचार प्रतिबंधक एवं विशेष बाल संरक्षण सेल को पिछले कुछ समय से सूचना मिल रही थी कि नयानगर सेक्टर-9 स्थित पूनम सागर कॉम्प्लेक्स और उसके आसपास एक महिला कथित रूप से देह व्यापार का नेटवर्क संचालित कर रही है। आरोप है कि वह ग्राहकों को मोबाइल फोन के माध्यम से युवतियों की तस्वीरें भेजकर सौदा तय करती थी और बाद में उन्हें कथित तौर पर देह व्यापार के लिए उपलब्ध कराती थी। सूचना की पुष्टि होने के बाद वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल मुंढे के नेतृत्व में टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। पुलिस ने एक बोगस ग्राहक तैयार कर आरोपी महिला से संपर्क कराया। जैसे ही महिला तय स्थान, परिवार होटल के पास पहुंची, पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी महिला कथित रूप से मुंबई और मीरा-भाईंदर के विभिन्न ऑर्केस्ट्रा डांस बार, लाउंज और क्लबों में काम करने वाली युवतियों से संपर्क कर उन्हें इस अवैध धंधे में शामिल होने के लिए प्रेरित करती थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान दो युवतियों को रेस्क्यू किया, जिन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद नयानगर और पूनम सागर कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसके तार किसी बड़े गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास मानव तस्करी, देह व्यापार या अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



