
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। जनपद में आगामी होली, ईद-उल-फितर, रमजान के अंतिम शुक्रवार, रामनवमी, महावीर जयंती एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती समेत विभिन्न पर्वों तथा प्रतियोगी/पुलिस एवं बोर्ड परीक्षाओं को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी कई प्रमुख धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन एक ही अवधि में प्रस्तावित हैं। ऐसे में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ स्वार्थी एवं अवांछनीय तत्व त्योहारों या परीक्षाओं के दौरान विघ्न उत्पन्न करने का प्रयास कर सकते हैं, जिससे साम्प्रदायिक सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जनपद झांसी की सीमा में 01 मार्च 2026 से 15 अप्रैल 2026 तक निषेधाज्ञा लागू करने के आदेश जारी किए हैं।
विभागवार समीक्षा और निर्देश
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ होली की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे स्थानीय स्तर पर भ्रमण कर संवेदनशील क्षेत्रों का सूक्ष्म निरीक्षण करें तथा गणमान्य नागरिकों के साथ संवाद स्थापित कर स्थिति की समीक्षा करें।
सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं
होलिका दहन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर परंपरागत ढंग से आयोजन सुनिश्चित किया जाए।
बिजली के तारों के नीचे या पक्की सड़कों पर होलिका दहन न किया जाए।
मदिरा दुकानों की जांच तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए।
जुलूस मार्गों की सड़कों की मरम्मत एवं बिजली तारों की जांच पूर्व में कर ली जाए।
किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।
स्वास्थ्य एवं आपात तैयारी
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलर्ट मोड पर रहें। जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों को पेयजल एवं वैकल्पिक बिजली व्यवस्था बनाए रखने तथा साफ-सफाई की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को त्योहारों से पूर्व स्थलीय भ्रमण कर स्थितियों का आकलन करने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। स्थानीय जागरूक नागरिकों से व्यक्तिगत संपर्क बनाए रखने पर भी बल दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। अंत में जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए एवं शांति बनाए रखते हुए मनाएं। अधिकारियों को टीम भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश भी दिए गए।




